जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक ने प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
मेदिनीनगर।
प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, बल्कि अपनी मेहनत और साधना से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करती है। राज्यस्तरीय झारखंड स्कूल आइडल—सुर एवं ताल संग्राम प्रतियोगिता में पलामू की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक ने छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में जिला स्कूल, मेदिनीनगर की सृजता कुमारी ने नृत्य विधा में पांचवां स्थान हासिल कर पलामू का गौरव बढ़ाया। वहीं, उच्च विद्यालय, नौडीहा-पाटन की आकांक्षी कुमारी ने गायन तथा जेवीएवी, पिपरा की प्रियांशु कुमारी ने नृत्य और अलीमा अंजुम ने गायन विधा में टॉप-10 में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रांची से लौटने के बाद आयोजित सम्मान समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सुभाष अनुराग एक्का ने सभी प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया। अधिकारियों ने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एपीओ उज्ज्वल मिश्र, प्रधानाध्यापक राजीव रंजन मिश्रा, प्राचार्य प्रफुल्ल मिश्रा, टीम मेंटर अनुपम तिवारी सहित अरविंद दुबे, साकेत शुक्ला, रणजीत सिंह, हीरालाल यादव एवं दीपमाला उपस्थित रहे।
पलामू की इन बेटियों की उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने साबित कर दिया कि उचित अवसर, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रतिभाएं सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। उनकी यह कामयाबी अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।






