पलामू।
जिले के पांडू थाना क्षेत्र में घर में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरुआ टोला आमतर निवासी पवन कुमार प्रजापति (19 वर्ष), पिता ओम प्रकाश प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के गहने और अन्य सामान बरामद किया है।
मामले के अनुसार, दरुआ गांव निवासी अमरेश मेहता (37 वर्ष), पिता रामचन्द्र मेहता ने 13 नवंबर 2026 को पांडू थाना में घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 7 नवंबर की रात अज्ञात चोर ने उनके घर की खपरैल हटाकर नीचे की लकड़ी तोड़ दी और अंदर रखे बक्से से गहने चोरी कर लिए। अमरेश मेहता अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं, जिसके कारण उन्होंने घटना के कई दिनों बाद थाना पहुंचकर आवेदन दिया।
इस संबंध में पांडू थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4)/305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर पवन कुमार प्रजापति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पता था कि अमरेश मेहता का घर लंबे समय से बंद है। इसी का फायदा उठाकर उसने 7 नवंबर की रात करीब 10 बजे घर में घुसकर चोरी की थी। चोरी के कुछ गहनों को उसने अपने पुराने घर के बाहर केले के पेड़ के नीचे मिट्टी में दबा दिया था, जबकि शेष गहनों को अपने घर में छिपाकर रखा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी का कंगन, दो रोल्ड गोल्ड के लॉकेट, लॉकेट सहित एक चांदी की चेन, एक चांदी की बिछिया और आरोपी का टेक्नो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में पांडू थाना प्रभारी पु०अ०नि० विगेश कुमार राय, पु०अ०नि० नवल किशोर सिंह एवं पांडू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।






