चैनपुर के नरसिंहपुर पथरा छठ घाट पर पुलिस की कार्रवाई, 21 वर्षीय आकाश कुमार चौरसिया गिरफ्तार; कट्टा, गोली, मोबाइल और नकदी जब्त
मेदिनीनगर (पलामू)। अगर आप पलामू जिले से है और अवैध हथियार लेकर घूम रहे है तो आप बहुत जल्द सलाखों के पीछे होने वाले है, वर्तमान मामला चैनपुर थाना क्षेत्र का है जहां छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सतर्कता के बीच चैनपुर थाना पुलिस ने हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश कुमार चौरसिया (21 वर्ष), पिता सुरेन्द्र चौरसिया, निवासी मझिगांवा, थाना चैनपुर, जिला पलामू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार की रात रात्रि गश्ती दल को सूचना मिली कि नरसिंहपुर पथरा छठ घाट पर एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया और गश्ती दल एवं छठ पर्व की विधि-व्यवस्था में तैनात पुलिस बल तत्काल छठ घाट पहुंचा।
पुलिस ने इलाके में संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस बल को देखते ही एक युवक तेजी से सड़क की ओर भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक भागने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका।
इसके बाद पुलिस ने उसकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमर के बाएं हिस्से में खोंसा हुआ एक देशी कट्टा और जींस की बाईं जेब से एक जिंदा गोली बरामद हुई। इसके अलावा एक स्क्रीन टच मोबाइल, स्टील का मोटा कड़ा, स्मार्ट घड़ी, पांच पैकेट ताश के पत्ते और एक हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी सामानों को जब्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया तथा अवैध हथियार रखने के आरोप में आकाश कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 234/2026, दिनांक 16 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a)/26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
कार्रवाई में एसआई शिवनाथ रंजन, एसआई रमण यादव, एएसआई जैनेन्द्र कुमार पाण्डेय, एएसआई विक्रम सिंह तामसोय सहित चैनपुर थाना के रिजर्व गार्ड, पुलिस जवान एवं चौकीदार बलजीत कुमार शामिल थे।






