पाटन (पलामू)।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू के निर्देशानुसार पाटन प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित राजकीयकृत हाई स्कूल, सिकिकिला में पहली बार मॉडल यूथ ग्राम सभा का गठन किया गया। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कर मुखिया सहित विभिन्न पदों के प्रतिनिधियों का चयन किया।
चुनाव प्रक्रिया को ग्राम पंचायत चुनाव की तर्ज पर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मतदाता सूची तैयार करने, उम्मीदवारों के चयन, मतदान, गोपनीय मतदान और मतगणना की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र और स्थानीय स्वशासन की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव मिला। मॉडल यूथ ग्राम सभा में नैतिक कुमार यादव को मुखिया तथा नितिन कुमार पासवान को सचिव चुना गया। वहीं वार्ड सदस्य के रूप में शाम्भवी रंजन, नेहा कुमारी, सिंधु कुमारी एवं निधि कुमारी का चयन किया गया।
इसके अलावा पूर्णिमा कुमारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जागृति कुमारी को आशा कार्यकर्ता, रंजन कुमार पासवान को प्रभारी प्रधानाध्यापक, सोनी कुमारी को रोजगार सहायक तथा प्रवीण कुमार पासवान को कृषि सहायक की जिम्मेदारी दी गई। सुमन कुमारी एवं सृष्टि कुमारी को स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिला सदस्य बनाया गया।
इसके साथ ही मनीष कुमार, करन कुमार शुक्ला, प्रिया कुमारी, मनीष कुमार सिंह, अनुराधा कुमारी तथा सुमित कुमार को अलग-अलग प्रतिनिधि चुना गया। इस प्रकार कुल 20 सदस्यीय मॉडल यूथ ग्राम सभा का गठन किया गया। पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो आशीषन एक्का ने कहा कि मॉडल यूथ ग्राम सभा का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान, स्थानीय शासन, ग्राम सभा की भूमिका और नागरिक जिम्मेदारियों की व्यावहारिक जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहभागिता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
मॉडल यूथ ग्राम सभा के नोडल शिक्षक नरेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेंद्र सिंह ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहल उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगी।
मतदान से चुनी गई मॉडल यूथ ग्राम सभा, नैतिक कुमार यादव बने मुखिया






