अक्टूबर में ही 39 सड़क हादसों में 24 लोगों की गई जान, नियम तोड़ने वालों पर चलेगा अभियान; घायल की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को डीसी ने किया सम्मानित
मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले में सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता आंकड़ा चिंताजनक तस्वीर पेश कर रहा है। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 294 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 207 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 185 लोग गंभीर रूप से और 25 लोग मामूली रूप से घायल हुए। अक्टूबर महीने में ही 39 सड़क हादसों में 24 लोगों की जान चली गई। दुर्घटनाओं के इन आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है।
इस संबंध में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, वाहन जांच अभियान, ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वाहन जांच अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन फिटनेस और वाहनों में अनधिकृत बदलाव की जांच करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
वहीं, एसपी कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, प्रेशर हॉर्न, ट्रिपल राइडिंग और काले शीशे के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
459 चालान, 8.30 लाख रुपये जुर्माना वसूला
बैठक में बताया गया कि अक्टूबर महीने में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 457 और झारखंड मोटर वाहन कर अधिनियम के तहत दो चालान काटे गए। इस प्रकार कुल 459 चालान से 8 लाख 30 हजार 200 रुपये जुर्माने की वसूली हुई। वहीं, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 1,991 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें अक्टूबर के 204 लाइसेंस शामिल हैं।
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों दुबियाखाड़, कांडा घाटी, लोहारा, पोखराहा और सतबरवा बाजार की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को आवश्यक संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पोखराहा फोरलेन एवं जोड़ में 15 दिनों के भीतर प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल लगाने तथा एनएच-98 पर सिलदाग से पड़वा तक सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
घायल की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को मिला सम्मान
बैठक के दौरान मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाले गुड सेमेरिटन सतीश कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल विक्रम कुमार को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई थी। इस सराहनीय कार्य के लिए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने उन्हें दो हजार रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आमलोगों से भी अपील की कि दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आएं और जरूरतमंदों की जान बचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
बैठक में हिट एंड रन मुआवजा मामलों, दुर्घटनाओं के आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि, एंबुलेंस एवं ट्रॉमा सेंटर की उपलब्धता और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई। मौके पर एसपी कपिल चौधरी, डीटीओ प्रमोद कुमार सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






