होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

छठ पूजा को लेकर पलामू पुलिस का ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को शहर में मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री, छह जगहों पर होगी बैरिकेटिंग

On: November 14, 2026 6:51 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 15 नवंबर को दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को अहले सुबह 2 बजे से सुबह 9 बजे तक बड़ी एवं छोटी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसी गाड़ियों को शहर के बाहर निर्धारित छह स्थानों पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा।

पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गढ़वा की ओर से आने वाले मालवाहक वाहन चैनपुर थाना क्षेत्र के गिरनाथ सिंह पेट्रोल पंप, मंगरदाहा घाटी के पास रुकेंगे। रामगढ़ और रमकंडा की ओर से आने वाले वाहन नेउरा चौक के पास, पड़वा मोड़ की ओर से आने वाले वाहन पाटन मोड़ के पास तथा पाटन की ओर से आने वाले वाहन जोड़ फोरलेन चेक पोस्ट के पास रोके जाएंगे। वहीं, लेस्लीगंज की ओर से आने वाले वाहन पोखराहा फोरलेन चेक पोस्ट और रांची की ओर से आने वाले वाहन चियांकी फोरलेन चेक पोस्ट के पास अस्थायी रूप से खड़े किए जाएंगे।

छठ घाटों के लिए निर्धारित की गई पार्किंग व्यवस्था

कोयल नदी छठ घाट आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग शिवाजी मैदान और सदिक चौक स्थित कोयल नदी पुल के पास टेंपो स्टैंड में होगी। वहीं, अमानत नदी सिंगरा छठ घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अमानत नदी के बाईं ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा, सिंगरा मोड़ से पाटन मोड़ जाने वाली फोरलेन सड़क के दाईं ओर भी पार्किंग बनाई गई है। इस सड़क के बाईं ओर के हिस्से का उपयोग आने-जाने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्धारित व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!