जेएस कॉलेज के पुराने गेट और तिवारी पेट्रोल पंप के पास हुई घटनाएं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
मेदिनीनगर (पलामू)।
शहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह चेन स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली घटना निमिया स्थित जेएस कॉलेज के पुराने गेट के पास हुई, जबकि दूसरी वारदात तिवारी पेट्रोल पंप के समीप हुई। दोनों घटनाओं में बदमाश महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पहली घटना: पैदल आए दो बदमाशों ने छीनी सोने की चेन
पहली घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजकर 11 मिनट की है। जानकारी के अनुसार, राजमनी देवी निमिया स्थित जेएस कॉलेज के पुराने गेट के पास खेत में अपनी गाय बांधकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पैदल आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
दूसरी घटना: अस्पताल जा रही महिला से चेन की छिनतई
दूसरी घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे तिवारी पेट्रोल पंप के पास हुई। पीड़िता उषा देवी ने बताया कि वह गढ़वा से अपने पति के पैर का ऑपरेशन कराने के लिए मेदिनीनगर आई हुई हैं। उनके पति श्री हेल्थ केयर राज जननी फेटल मेडिसिन सेंटर में भर्ती हैं।
बुधवार सुबह वह दुकान से नारियल तेल खरीदने गई थीं। तेल लेकर अस्पताल वापस लौटने के दौरान एक बाइक सवार बदमाश ने उन्हें आवाज देकर बुलाया और उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। महिला के अनुसार, वारदात में बाइक पर एक व्यक्ति सवार था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
दोनों पीड़िताओं की ओर से शहर थाना में आवेदन दिया जा रहा है। शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
एक ही थाना क्षेत्र में करीब एक घंटे के अंतराल पर हुई चेन स्नैचिंग की इन दो घटनाओं के बाद पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती खड़ी कर दी है।






