होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

प्रशासन की उदासीनता के बीच ग्रामीणों ने दिखाई मिसाल, चंदा जुटाकर खुद कराया आहर बांध की मरम्मत

On: July 2, 2026 7:35 AM
Follow Us:

पांकी (पलामू)।

पांकी प्रखंड की नौडीहा पंचायत अंतर्गत बालुडीह गांव में ग्रामीणों और किसानों ने एकजुटता और आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए प्रशासनिक उदासीनता के बीच खुद के खर्च पर टूटे आहर बांध की मरम्मत कराई। पिछले एक वर्ष से क्षतिग्रस्त पड़े बांध की सुध नहीं लिए जाने पर ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर जेसीबी मशीन की व्यवस्था की और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य पूरा कराया।

जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष हुई भारी बारिश में खाड़ पर बना आहर बांध टूट गया था। इसके कारण आहर में पानी का ठहराव पूरी तरह बंद हो गया, जिससे किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया। वहीं, बांध के ऊपर से गुजरने वाला रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन से बांध की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन कोई पहल नहीं हुई। आखिरकार किसानों और ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा इकट्ठा किया और निजी खर्च पर जेसीबी मशीन लगाकर बांध की मरम्मत करा दी। मरम्मत पूरी होने के बाद अब आहर में पानी का संचयन संभव होगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था बेहतर होगी और ग्रामीणों का आवागमन भी सुचारु हो सकेगा।

मौके पर मौजूद अनुज कुमार यादव, आदित्य यादव, विनेशर यादव, सगुनी भुइयां, अशोक भुइयां सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि वे प्रशासन के भरोसे बैठे रहते तो इस वर्ष भी खेतों में पानी की कमी से फसलें प्रभावित होतीं और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन समय पर पहल करेगा।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment