राहत नगर में घर से सोने-चांदी के जेवरात गायब, ZQ टावर में सैनिटरी दुकान और गोदाम से करीब तीन लाख का सामान चोरी
मेदिनीनगर(पलामू)।
शहर थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। राहत नगर पहाड़ी मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 26 में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिए। वहीं, सत्तार सेठ चौक के समीप ZQ टावर कॉम्प्लेक्स में चोरों ने सैनिटरी दुकान और उससे सटे गोदाम में घुसकर करीब तीन लाख रुपये का सामान चुरा लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राहत नगर में घर से जेवरात चोरी
राहत नगर पहाड़ी मोहल्ला निवासी शबाना खातून के घर में चोरी का पता शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे चला। महिला के अनुसार, वह 10 सितंबर की रात घर में अकेली सो रही थीं। सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के लिए उठीं तो घर का दरवाजा खुला मिला। कमरे में पहुंचने पर आलमारी खुली हुई थी और सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी में रखे जेवरात गायब मिले।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि चोर सोने के कान के झुमके की एक जोड़ी, मंगलसूत्र, गले का हार, नथ, मांगटीका, नाक के दो आभूषण, डायमंड का नाक का आभूषण, तीन सोने की अंगूठियां और एक सोने की चेन ले गए। इसके अलावा चांदी के पायल, चांदी की बाल चोटी, छपका समेत अन्य सामान भी चोरी होने की बात कही गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
ZQ टावर में दुकान और गोदाम को बनाया निशाना
दूसरी घटना सत्तार सेठ चौक के समीप स्थित ZQ टावर कॉम्प्लेक्स में हुई। यहां गुरुवार की देर रात करीब 2:45 बजे चोरों ने सैनिटरी वर्ल्ड की दुकान और उससे सटे गोदाम को निशाना बनाया। दुकान संचालक मोहम्मद आसिफ और जूता-चप्पल व्यवसाय से जुड़े मोहम्मद मुर्तुजा के अनुसार, शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चोरी का पता चला।
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति गोदाम के अंदर से जूता-चप्पल समेत अन्य सामान निकालकर बोरे में भरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह सैनिटरी दुकान से सिंक समेत अन्य सामान निकालकर बाहर ले जाता भी नजर आ रहा है। चोर पाइप, बेसिन, सिंक, पानी की टंकी, जूता-चप्पल समेत बड़ी मात्रा में सामान ले गए। व्यवसायियों के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार मौके पर पहुंचे और दुकान व गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। पुलिस दोनों घटनाओं में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।






