होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

इनामी नक्सलियों के पोस्टर चस्पा, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम

On: September 8, 2026 9:06 AM
Follow Us:

पलामू।
पलामू में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। वांटेड हार्डकोर नक्सलियों की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने पिपरा थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में इनामी उग्रवादियों के पोस्टर चस्पा किए हैं। पोस्टरों के जरिए ग्रामीणों से इन वांटेड नक्सलियों की पहचान और ठिकाने से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई है। पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव-गांव पहुंचकर पोस्टर लगाए। पोस्टरों में भाकपा माओवादी और टीएसपीसी से जुड़े ऐसे उग्रवादियों के नाम और तस्वीरें शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें कई उग्रवादियों पर सरकार ने 10 से 15 लाख रुपये तक का इनाम घोषित कर रखा है।

थाना प्रभारी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि पोस्टर में शामिल सभी वांटेड उग्रवादी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी पहचान को सार्वजनिक करना और इनके संबंध में मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई को तेज करना है।

पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि वांटेड नक्सलियों के बारे में सटीक और उपयोगी सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम राशि के अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का संदेश साफ है कि नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखने में ग्रामीणों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

इनामी नक्सलियों की सूची में भाकपा माओवादी से जुड़े उग्रवादी नितेश यादव उर्फ इरफान जी उर्फ नन्दू उर्फ किरानी इनाम 15 लाख रुपये, गोदराई यादव उर्फ संजय यादव, पिता सत्यम यादव, थाना छतरपुर, इनाम 10 लाख रुपये, इश्तियाक अंसारी उर्फ ठेंगन मियां, थाना मोहम्मदगंज, इनाम घोषित नहीं और मनोहर गंझू उर्फ सोहन गंझू उर्फ दिनेश गंझू, थाना बालूमाथ, लातेहार इनाम 10 लाख रुपये सहित चार नक्सली शामिल हैं।

वहीं टीएसपीसी से जुड़े दो उग्रवादी आरिफ जी उर्फ शशिकांत जी उर्फ सुदेश जी उर्फ सुरेश जी, थाना मनातू, इनाम 10 लाख रुपये और नथुनी सिंह उर्फ नथुनी उर्फ छोटू, थाना मनिका, लातेहार इनाम घोषित नहीं शामिल हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि पोस्टर में शामिल किसी भी वांटेड उग्रवादी के दिखाई देने, गांव में आने-जाने या उसके ठिकाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान उजागर नहीं की जाएगी।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment