पलामू।
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच की रथ यात्रा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे पलामू पहुंचा। पलामू पहुंचने पर स्थानीय युवाओं ने पलामू का दिल कहा जाने वाला छह मुहान चौक पर गर्मजोशी के साथ देवेंद्र महतो का स्वागत किया। बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने मंच के प्रतिनिधि देवेंद्र नाथ महतो का अभिनंदन करते हुए भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग के प्रति अपनी एकजुटता जताई। इस दौरान छः मुहान पर सैकड़ों की संख्या में युवा पहुंच कर देवेंद्र नाथ महतो को समर्थन दिया।
इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार की यह मुहिम महज आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार से पारदर्शी और योग्यता आधारित रोजगार व्यवस्था लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में किसी पहचान, पैसे या प्रचार के बजाय युवाओं की योग्यता और हुनर को चयन का आधार बनाया जाना चाहिए। भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके।
महतो ने दावा किया कि भूख हड़ताल और सत्याग्रह के दबाव में सरकार को भर्ती परीक्षाओं के मामले में कदम उठाने पड़े हैं। उनके अनुसार अब तक 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई हुई है। इनमें विभिन्न अनियमितताओं के कारण 22 परीक्षाएं रद्द की गई हैं, 17 परीक्षाओं की जांच जारी है और छह परीक्षाओं पर रोक लगाई गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पेपर की खरीद-बिक्री में शामिल 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि जब तक राज्य की भर्ती व्यवस्था में पूरी तरह सुधार नहीं होता, तब तक न्याय यात्रा और आंदोलन जारी रहेगा।






