पठन अभियान-2 के तहत विद्यार्थियों ने कहानी, कविता और विचारों की प्रस्तुति से बढ़ाया आत्मविश्वास
पलामू।
बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने, भाषा कौशल को मजबूत करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के उद्देश्य से ‘पठन अभियान-2’ के तहत ‘मेरे शब्द, मेरी वाणी’ कार्यक्रम का आयोजन सदर प्रखंड के जोड़ ग्राम स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी पसंद की कहानियां, कविताएं एवं अन्य रचनाएं प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, एडीपीओ अंबुजा पांडे सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने तथा पढ़ी गई सामग्री को अपने शब्दों में व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने कहानी वाचन, कविता पाठ और अपने विचारों की प्रस्तुति के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बच्चों को स्पष्ट उच्चारण, सही शब्द चयन और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने कहा कि पठन केवल किताबों तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि यह बच्चों की कल्पनाशक्ति, सोचने-समझने की क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में मंच पर बोलने और अपनी बात रखने का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
बताया गया कि बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने और नियमित पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड शिक्षा परियोजना, पलामू द्वारा ‘Reading Campaign – मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चयनित विद्यालयों में बच्चों को रोचक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों से जोड़ने के साथ ही पठन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को पाठ्य पुस्तकों के अलावा कहानी, कविता और अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों के नियमित पठन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में एपीओ मनोज मिश्रा, रूम टू रीड के अक्षय पांडे एवं अनुपम तिवारी सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।






