परिजनों ने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या के बाद शव कुएं में डालने का लगाया आरोप, पुलिस कर रही जांच
पलामू।
तरहसी थाना क्षेत्र के छेछानी गांव में जन्माष्टमी जुलूस में शामिल होने गए 25 वर्षीय युवक चंदन कुमार साव का शव शनिवार देर रात जुलूस मार्ग से सटे एक कुएं से बरामद हुआ। मृतक की पहचान टरिया पंचायत के भालोगाड़ी निवासी चंदन कुमार साव, पिता बिहारी साव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चंदन महाराष्ट्र में रहकर पोकलेन चलाता था और शनिवार सुबह ही घर लौटा था। शाम में छेछानी गांव में जन्माष्टमी पूजा को लेकर निकाले गए जुलूस में शामिल होने के लिए उसके दोस्तों ने उसे बुलाया था। छेछानी गांव उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर है।
जुलूस समाप्त होने के बाद चंदन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिजनों के अनुसार उन्होंने चंदन के दोस्तों दीपक साव, रवि साव, कृष्णा साव और मोहित साव से पूछताछ की। इसके बाद दोस्तों की मदद से जुलूस मार्ग के समीप स्थित कुएं से चंदन का शव निकाला गया। शनिवार रात करीब एक बजे शव बरामद होने की जानकारी है।
परिजनों ने दोस्तों पर चंदन के साथ मारपीट कर हत्या करने और इसके बाद शव कुएं में डालने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अभी हत्या या हादसे समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाना ले जाने की जानकारी भी सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह करीब 11 बजे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया।
तरहसी थाना प्रभारी ने बताया की शव को कुआं से निकला गया है, जहां पर कुआं था वहां पर जमीन समतल थी। आगे उन्होंने कहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट हो सकेगा।






