मेदिनीनगर/लेस्लीगंज।
पलामू जिले के मेदिनीनगर के सुदना निवासी शंभू नाथ मेहता उर्फ रूपेश कुशवाहा का शव लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दारुडीह स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रूपेश कुशवाहा अपने साले की शादी समारोह में शामिल होने करीब आठ दिन पहले ससुराल दारुडीह गांव गए थे। घर में शादी की तैयारियों के बीच रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम कराने पहुंचे मृतक के परिजनों ने पत्नी अंजली देवी, साला विकास, सास ललिता देवी, ससुर विनोद महतो समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक के पिता शिवानंद महतो ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग पहले से रूपेश को जान से मारने की धमकी देते थे। उनका कहना है कि वर्ष 2019 में शादी के बाद से वैवाहिक संबंध अच्छे नहीं थे और पत्नी उनके साथ रहना नहीं चाहती थी।
वहीं मृतक के ससुर विनोद महतो ने बताया कि रविवार को रूपेश डालटनगंज गए हुए थे और शाम में ससुराल लौटे। उनके अनुसार रूपेश नशे की हालत में थे और आते ही कमरे में चले गए। देर रात खाना खाने के लिए बुलाने पर दरवाजा बंद मिला। बाद में वेंटिलेटर से देखने पर वे फंदे से लटके मिले। इसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।






