मेदिनीनगर।
सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगरा खुर्द में बुधवार को रेलवे ट्रैक के बगल से शशिकांत शुक्ला नामक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शशिकांत शुक्ला मंगलवार सुबह करीब 5 से 6 बजे घर से निकले थे। वह जय मां बस में एजेंट के रूप में काम करते थे और कभी-कभी कंडेक्टरी भी करते थे। इसी कारण देर शाम तक घर लौटना उनके लिए सामान्य बात थी। मंगलवार देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान बुधवार को बकरी चराने वाले एक व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर स्थानीय लोगों को रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की जानकारी मिली। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पुलिस को बुधवार करीब चार बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटना की सूचना पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम और थाना प्रभारी अफजल अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पूछताछ में मृतक के शराब सेवन करने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला स्वाभाविक मौत (नेचुरल डेथ) का प्रतीत हो रहा है। हालांकि जहरीले जीव-जंतु के काटने से मौत हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान प्रथम दृष्टया दिखाई नहीं दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।






