पलामू।
सहोदय उच्च विद्यालय, चैनपुर के खेल मैदान में मंगलवार को जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन वॉलीबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ विभिन्न मुकाबलों में हिस्सा लिया। मैदान में खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस दौरान खेल कोषांग के सदस्य अनुपम तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
मौके पर उपस्थित एडीपीओ अंबुजा पांडे ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। वहीं, एपीओ उज्ज्वल मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से ऐसे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में खेल कोषांग के सदस्य हीरालाल, रणजीत सिंह, अरविंद दुबे, अजय पांडे, संजय त्रिपाठी और साकेत शुक्ला सहित जिले के शारीरिक शिक्षकों एवं खेल पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खेलो झारखंड में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, वॉलीबॉल व खो-खो में प्रतिभागियों ने बिखेरी खेल प्रतिभा






