पलामू के मोहम्मदगंज के गड़ेरियाडीह गांव का रहने वाला था जवान, घटना के कारणों की जांच में जुटे अधिकारी
लामू/रांची।
राजधानी रांची में रविवार को सीआरपीएफ के एक जवान ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गड़ेरियाडीह गांव निवासी हवलदार भुवनेश्वर पाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हवलदार भुवनेश्वर पाल रांची के तीरील स्थित सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित थे। रविवार को कैंप परिसर में ही उन्होंने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। जवान ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहम्मदगंज स्थित जवान के पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव गड़ेरियाडीह लाए जाने की तैयारी की जा रही है। घटना को लेकर गांव के लोगों में भी शोक का माहौल है।






