1995 से चली आ रही परंपरा को इस वर्ष भी रखेगा जारी श्री चंद्रशेखर आजाद क्लब, मंगलवार रात 8 बजे होगा रावण दहन
मेदिनीनगर।
विजयादशमी के अवसर पर श्री चंद्रशेखर आजाद क्लब की ओर से मंगलवार को शिवाजी मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1995 से लगातार रावण दहन की परंपरा निभा रहा क्लब इस बार 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेगा। कार्यक्रम को लेकर क्लब के सदस्यों में उत्साह है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
क्लब के अध्यक्ष झूलन राम ने बताया कि मंगलवार शाम 5 बजे से शिवाजी मैदान में भक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे विधिवत रावण दहन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति जागरण का आनंद लेने के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण दहन के साक्षी बनेंगे।
रावण के पुतले का निर्माण डाल्टनगंज के स्थानीय शिल्पकार विशाल, बबलू और सुनील द्वारा किया जा रहा है। वहीं, पूरी व्यवस्था और कार्यक्रम का आयोजन कमेटी के सदस्य सोमनाथ प्रसाद, उदेश राम, राजेश कुमार, लड्डू पासवान, शंभू पासवान और दीपक बाबू की देखरेख में किया जा रहा है।
रावण दहन के दौरान मौके पर पुलिस तथा दमकल की टीम मौजूद रहेगी जिससे आपात स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।






