मेदिनीनगर।
कपिल चौधरी ने मंगलवार दोपहर सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी करीब 30 मिनट तक थाना परिसर में मौजूद रहे और विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान थाना प्रभारी अफजल अंसारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में जनता द्वारा दिए गए आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले सभी लोगों के साथ पुलिसकर्मी शालीनता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करें, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो सके।
एसपी ने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को लगातार सक्रिय रहना होगा तथा लंबित मामलों की जांच में तेजी लाई जाए। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने वाहन चेकिंग अभियान को और तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कोताही न हो। निरीक्षण के दौरान थाना के रिकॉर्ड, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।






