मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरप्रांतीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। शहर थाना पुलिस ने रेलवे कॉलोनी, डाल्टनगंज में छापेमारी कर आरोपियों को धर-दबोचा तथा उनके कब्जे से 2.690 किलोग्राम (ढाई किलो से अधिक) अवैध अफीम बरामद की।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इसमें संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गुप्त सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस बड़ी सफलता को हासिल किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनातू थाना क्षेत्र के नागद गांव निवासी 26 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार सिंह, 28 वर्षीय मनोज कुमार सिंह और 23 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले करीब दो वर्षों से अफीम की तस्करी में सक्रिय थे। इनमें जितेन्द्र कुमार यादव लाइजनिंग का कार्य करता था, जबकि गिरोह ट्रेन के माध्यम से अफीम को पंजाब भेजने का काम करता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत शहर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।






