मेदिनीनगर।
सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में मंगलवार शाम एक ट्रक की चपेट में आने से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह निवासी नागेश्वर तिवारी (60 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे किसी कार्य से निकले थे। इसी दौरान पोखराहा के समीप फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन को छोड़ कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजा, दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा दुर्घटना-प्रवण स्थल पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जाम समाप्त कराने के लिए सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एक घंटे से अधिक समय तक वार्ता के बावजूद जब ग्रामीण नहीं माने तो सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने और काफी मशक्कत के बाद रात करीब नौ बजे जाम समाप्त कराया जा सका।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पोखराहा के समीप फोरलेन पर पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीण लंबे समय से यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वाहन को जब्त कर थाना ले जाया गया है और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।






