मेदिनीनगर(पलामू)।
शहर थाना क्षेत्र के भगवती अस्पताल के पीछे स्थित झरना टोला में 26 अप्रैल 2026 को हुई अज्ञात महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र के बालेखांड़ निवासी उपेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि मामले के अनुसंधान के दौरान 30 अप्रैल 2026 को आरोपी की पत्नी चंदा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद से उपेन्द्र कुमार लगातार फरार चल रहा था।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि उपेन्द्र कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
इस संबंध में पुलिस की ओर से शनिवार दोपहर 3 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि की गई।






