पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरडीहा गांव के पास सोमवार देर शाम अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 60 वर्षीय जयराम पासवान की मौत हो गई। मृतक बिशनपुर गांव के निवासी थे।
परिजनों के अनुसार, जयराम पासवान बाइक से हुसैनाबाद बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरडीहा के पास पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद जयराम पासवान को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी व जवान विकास कुमार और महेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव का इंक्वेस्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।






