होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

पोखराहा व जोड़ में VUP निर्माण की मांग तेज, सांसद वीडी राम ने NHAI अध्यक्ष से की मुलाकात

On: July 23, 2026 9:23 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर(पलामू)।
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से मुलाकात कर डालटनगंज फोरलेन बाईपास पर सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने पोखराहा और जोड़ के समीप स्थित दो प्रमुख क्रॉसिंग पर वाहन अंडरपास (Vehicle Under Pass-VUP) अथवा फ्लाईओवर के निर्माण की मांग की। सांसद ने इसी मुद्दे को लोकसभा में नियम-377 के तहत भी उठाया।

सांसद ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत रांची-वाराणसी फोरलेन कॉरिडोर (राष्ट्रीय राजमार्ग-39) के सेक्शन-3 (भोगू से शंखा) में निर्मित डालटनगंज फोरलेन बाईपास सड़क पोखराहा के समीप डालटनगंज-पांकी मुख्य सड़क तथा जोड़ के पास बैरिया-पाटन मुख्य सड़क को क्रॉस करती है। लेकिन इन दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर VUP या फ्लाईओवर का निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बाईपास पर यातायात शुरू होने के बाद इन दोनों क्रॉसिंग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, जोरकट के पास टोल टैक्स शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भी भारी आक्रोश है। VUP निर्माण की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।

सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि उनके लगातार प्रयासों के बाद NHAI की तकनीकी टीम ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान टीम ने पोखराहा और जोड़ में VUP निर्माण की आवश्यकता पर सहमति भी जताई थी। हालांकि, लगभग चार महीने बीत जाने के बावजूद अब तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिली है और निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
मुलाकात के दौरान NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने झारखंड के NHAI क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार से फोन पर बात कर दोनों स्थानों पर VUP/फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव अविलंब भेजने का निर्देश दिया। साथ ही जल्द स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।

सांसद ने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पोखराहा और जोड़ में वाहन अंडरपास (VUP) का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए, ताकि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके और क्षेत्र की जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment