मेदिनीनगर (पलामू)।
जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शहर थाना एवं सदर थाना पुलिस द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान शहर थाना क्षेत्र के जोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग तथा सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा में एक साथ संचालित किया गया।
शहर थाना क्षेत्र में जांच अभियान का नेतृत्व पुलिस टीम ने किया, जिसमें एसआई कपिलेश्वर प्रसाद, एएसआई संतोष कुमार पांडे तथा एएसआई रामजी दास शामिल रहे। वहीं सिंगरा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली। वाहन चालकों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान तथा वाहनों की डिक्की और सामान की भी जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, अवैध हथियार, मादक पदार्थों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जिले में समय-समय पर इस प्रकार का एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाता रहेगा। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप देखा गया, जबकि आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।






