लेस्लीगंज (पलामू)।
पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर मुरमुसी गांव के समीप शुक्रवार शाम करीब 8 बजे ऑटो और अपाचे बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्चे समेत तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांकी से मेदिनीनगर की ओर जा रही एक ऑटो की विपरीत दिशा से आ रही अपाचे बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण बाइक सवार की लापरवाही प्रतीत हो रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेजा गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।






