पलामू।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) जिला समिति के तत्वावधान में मेदिनीनगर शहर में बूथ सम्मेलन सह BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रदेश महासचिव विनोद पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर और बुके भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद पाण्डेय ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और BLA-2 को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची पर लगातार नजर रखें और चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त बीएलओ (BLO) के साथ समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा, मतदाता सूची से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है ताकि कोई भी व्यक्ति अपने लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
इस दौरान प्रदेश महासचिव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची में हेरफेर कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि JMM ऐसी किसी भी रणनीति से डरने वाली नहीं है और पार्टी का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर इसका जवाब देगा।
पलामू के डालटनगंज और छतरपुर विधानसभा क्षेत्रों में ‘अनमैप्ड’ मतदाताओं की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ता बूथ स्तर पर अभियान चलाएंगे, जिससे ऐसे मतदाताओं की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति सदस्य सान्नू सिद्दीकी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशीला पाण्डेय, अविनाश देव, सन्नी शुक्ला, रंजन चंद्रवंशी, अभिषेक सिंह, जुगल किशोर चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मेदिनीनगर में जेएमएम का बूथ सम्मेलन : BLA-2 प्रशिक्षण शिविर में वोटर लिस्ट पर पैनी नजर रखने का निर्देश






