पलामू।
पलामू पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन सफाया अभियान के तहत पिपराटांड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अमानत नदी बराज के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को 960 ग्राम अवैध तरल अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2 ने लेस्लीगंज स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर जिले में एनडीपीएस एक्ट एवं अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार ने पुलिस बल के साथ अमानत नदी बराज के पास कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने सनोेज भुइयां (22 वर्ष), पिता विदेशी भुइयां, ग्राम तितलंगी, थाना पिपराटांड़, जिला पलामू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 960 ग्राम तरल अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।






