मोहम्मदगंज (पलामू)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर मोहम्मदगंज प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में बीडीओ मोहम्मदगंज रणवीर कुमार एवं थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने संयुक्त रूप से थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने कादल कुर्मी, शीलापर, मोहम्मदगंज, भजनिया, बाटौआ एवं काशीसोत डैम स्थित छठ घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच पथ तथा व्रतियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली गई।
अधिकारियों ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरा पर्व शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। अधिकारियों ने आम लोगों से भी प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।






