छत्तरपुर / मेदिनीनगर:
छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास रोड स्थित मसिहानी गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में नौडीहा बाजार और पिपरा के अंचल पदाधिकारी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार टेलर की जोरदार टक्कर से सरकारी वाहन के परखच्चे उड़ गए।
घटना में नौडीहा बाजार के अंचल पदाधिकारी संजय सिंह, पिपरा के अंचल पदाधिकारी जितेंद्र कुमार और वाहन चालक रविंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों अंचल पदाअधिकारी एक ही वाहन में सवार होकर अपने कार्यालय से मेदिनीनगर में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल छत्तरपुर के उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। मौक़े का फायदा उठा कर टेलर चालक भागने में कामयाब हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






