होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

दोस्ती के नाम पर धोखा: 2 लाख की सुपारी देकर दोस्त ने ही कराई समीर खलीफा की हत्या, 16 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

On: April 4, 2026 8:36 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर (पलामू)।

मेदिनीनगर के प्राइवेट बस स्टैंड रोड स्थित नगर पालिका मार्केट में गुरुवार रात करीब 10:40 बजे हुई समीर खलीफा उर्फ गुड्डू हत्याकांड का पलामू पुलिस ने महज 16 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में पुलिस जांच ने एक चौंकाने वाला सच सामने लाया है, जिसमें मृतक का करीबी दोस्त ही हत्या का मास्टरमाइंड निकला।पुलिस के अनुसार, समीर के दोस्त इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला ने ही 2 लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या कराई थी।

हत्या की मुख्य वजह 10.5 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के लिए मिंटू ने अपने सहयोगी शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन के माध्यम से सुपारी की रकम शूटरों तक पहुंचाई।इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला, शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन, शूटर फैज खान, आदर्श कुमार उर्फ धोनी और तारीख शाह उर्फ मूनान शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 39,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि शेष 1.60 लाख रुपये और हत्या में प्रयुक्त हथियार लेकर एक आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य शूटर फैज खान की घेराबंदी की, जिसके दौरान उसने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नौ राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें फैज खान के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं, वहीं आदर्श कुमार के पास से भी एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि मिंटू डाला और समीर खलीफा जमीन कारोबार में साझेदार थे और पहाड़ी मोहल्ला स्थित चनवारी में एक प्लॉट को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मिंटू ने ईद के दौरान हत्या की साजिश रची और घटना से तीन दिन पहले घटनास्थल की रेकी भी करवाई गई थी।

हत्या के बाद मामले को भटकाने के लिए मिंटू ने खुद ही फैज खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई और इसे आपसी रंजिश का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में ही मिंटू पर शक हुआ, जो गहन अनुसंधान के बाद सही साबित हुआ और पूरे मामले का खुलासा हो गया।इस कार्रवाई में डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, पुअनि रंजीत कुमार, सअनि राजेश कुमार साहू एवं जवान नंदलाल पटेल की अहम भूमिका रही।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment