मेदिनीनगर (पलामू)।
रामनवमी महोत्सव की तैयारियों के बीच मेदिनीनगर में आपसी सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मोहम्मद कलाम के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार रात्रि श्री महावीर नवयुवक दल (जनरल) के अध्यक्ष मंगल सिंह सहित जनरल कमिटी के सदस्यों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि रामनवमी का पर्व मेदिनीनगर की सांस्कृतिक पहचान है और हर वर्ष इसकी भव्यता पूरे शहर को एक सूत्र में बांधती है। सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्री महावीर नवयुवक दल (जनरल) के अध्यक्ष मंगल सिंह ने मुस्लिम समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेदिनीनगर की गंगा-जमुनी तहजीब ही इस शहर की असली ताकत है। सभी समाज के सहयोग से ही रामनवमी महोत्सव हर वर्ष शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न होता है। कार्यक्रम में दोनों समुदायों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने आपसी एकता, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
मौके पर श्री महावीर नवयुवक दल के कोषाध्यक्ष किशोर सिन्हा, प्रदीप सिन्हा, विजय चंद्रवंशी, राजू चौहान, अमित कुमार रिंकू, आकाश कुमार, अभिषेक राज, अमृत अग्रवाल, प्रभात कुमार अग्रवाल, मुकेश कुमार अग्रवाल और अभिजीत प्रताप देव को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान करने वालों में अरशद अहमद (सन्नू), मो. जलालउद्दीन अंसारी, गुलाम मखसूद, मुन्ना तड़ीपार, सलीम सदर, क़ासिम, मुन्ना कुरैशी, मो. नसीम, ज़ाहिद अहमद और मो. आशिक़ शामिल थे।
रामनवमी से पहले मेदिनीनगर में सौहार्द की मिसाल, मुस्लिम समाज ने महावीर नवयुवक दल के पदाधिकारियों को किया सम्मानित






