चैनपुर(पलामू)।
चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्नी पीपर ढाबा स्थित एक तालाब से शनिवार सुबह एक महिला और उसके डेढ़ वर्षीय बच्चे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रंजू देवी, पति अरुण महतो के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब छह बजे रंजू देवी अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ घर से कुछ ही दूरी पर स्थित तालाब की ओर शौच के लिए निकली थी। काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह तालाब में महिला और बच्चे के डूबे होने की जानकारी मिली। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया दोनों की मौत तालाब में डूबने से होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






