मेदिनीनगर। पलामू जिले के नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित शांति पुरी में बारिश शुरू होते ही जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। सोमवार देर रात्री नालियों के ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जलजमाव के कारण घरों के अंदर, सीढ़ियों के नीचे और मुख्य रास्ते पर गंदा पानी जमा हो गया है। लोगों का घर से बाहर निकलना और रोजमर्रा के जरूरी काम करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी समस्या से जूझना पड़ता है।
लोगों के अनुसार, जल निकासी की समस्या को लेकर नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे लोगों में निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि बारिश लगातार जारी रही तो जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे मकानों में पानी भरने के साथ-साथ सामान और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।






