जनता दरबार से लेकर CCTV और बीट पुलिसिंग तक पर फोकस, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
पलामू।
पलामू जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने को लेकर अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कांडों के अनुसंधान, अपराधियों की निगरानी, प्रभावी गश्ती, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई।
बैठक में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने, डायल-112 की प्रभावी कार्यप्रणाली, बीट पुलिसिंग तथा पूर्व माह में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पिछले 10 वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों, विशेषकर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और गृहभेदन के मामलों में आरोपित रहे अपराधकर्मियों का सत्यापन एवं निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
नई पहल के तहत सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन 11 बजे से 14 बजे तक थाना परिसर में जनता दरबार लगाने का निर्देश दिया गया। इसमें आम लोगों की समस्याएं सुनकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा पेट्रोल पंप, अस्पताल, स्कूल, होटल, प्रमुख चौक-चौराहों तथा थाना के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर CCTV कैमरे लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बीट पुलिसिंग के अनुरूप थानों में कार्यों का सुव्यवस्थित विभाजन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि आगामी माह की अपराध गोष्ठी में इन सभी निर्देशों के अनुपालन की दोबारा समीक्षा की जाएगी।






