मेदिनीनगर (पलामू)।
मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित JMP परिसर में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड विनोद पांडे (50) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक परिसर में पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। तीनों आरोपी काफी देर तक पूरे परिसर में घूमते रहे। इसके बाद उन्होंने गार्ड विनोद पांडे को उठाकर मुख्य गेट के पास ले गए और बेहद करीब से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 15 जुलाई की रात परिसर में आयोजित एक जन्मदिन पार्टी के दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ आए लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस शुरुआती जांच में इस हत्या को उसी विवाद से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेज दिया गया है। मृतक विनोद पांडे पड़वा थाना क्षेत्र के रजहरा निवासी जंगी पांडेय के पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






