हुसैनाबाद (पलामू)।
पलामू पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से करीब 320 किलोग्राम गांजा से लदा एक ट्रक जब्त किया है। बरामद गांजे की खुदरा बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी-14 एफटी-6583 नंबर का एक ट्रक बिहार की ओर से जपला होते हुए छतरपुर की तरफ भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ल के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर गम्हरिया के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के डाले के अंदर विशेष रूप से तैयार किए गए लकड़ी के गुप्त चैंबर से प्लास्टिक के 10 बोरों में छिपाकर रखा गया 320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद सामग्री के गांजा होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार चालक की पहचान राजेश यादव (45 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर (पलामू) के रूप में हुई है। इस मामले में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 167/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की खेप किसी अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। गांजे के मुख्य स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला तथा गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ल, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, लठेया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक छत्रधारी कुमार, अनुसंधानकर्ता संतोष कुमार दास, हुसैनाबाद सशस्त्र बल के जवान तथा स्थानीय चौकीदार अमित कुमार पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा जब्त, डेढ़ करोड़ की खेप के साथ चालक गिरफ्तार






