मेदिनीनगर। पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबियाखाड़ के समीप करीब 4:30 बजे बेतला रोड पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित क्रेटा कार सड़क किनारे खड़ी पल्सर बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए सीधे चंद्रवंशी होटल में जा घुसी। हादसे के दौरान होटल में मौजूद लोगों और दुकान मालिक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दुर्घटना में होटल संचालक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रेटा कार तेज गति से आ रही थी। अधिक रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकराई और फिर होटल में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना से आक्रोशित होटल संचालक की पत्नी ने दुर्घटनाग्रस्त कार पर लाठी से प्रहार कर अपना विरोध जताया। इसी बीच मौका पाकर कार चालक वाहन छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। गनीमत रही कि हादसे के समय होटल में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।






