वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन्यूमरेशन फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा, बीएलओ को प्रतिदिन लक्ष्य तय कर मॉनिटरिंग के निर्देश
पलामू।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में हुसैनाबाद एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, जबकि पांकी एवं डालटनगंज विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपायुक्त कार्यालय से बैठक में शामिल हुए।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण कर रहे हैं। फॉर्म वितरण के बाद उसका संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा बीएलओ ऐप पर अद्यतन करना अनिवार्य है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपेक्षाकृत कम फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन पर नाराजगी जताई।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन के स्पष्ट लक्ष्य दिए जाएं तथा उनकी दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। पंचायतों में आयोजित विशेष SIR कैंपों में भी निर्धारित लक्ष्य पूरा होने तक कैंप जारी रखने और अधिकतम फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की धीमी प्रगति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जिस स्तर पर भी लापरवाही सामने आएगी, संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।






