मेदिनीनगर।
सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सदर थाना परिसर में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर थाना प्रभारी लालजी ने तथा संचालन एएसआई समाल अहमद ने किया। थाना प्रभारी लालजी कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। पुलिस हर समय आमजन की सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने व्यवसायियों से निर्भीक होकर व्यवसाय करने और किसी भी संदिग्ध कॉल या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। पूजा के दौरान सदर क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ा दी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम ने कहा कि पूजा के दौरान अश्लील गाने न बजाए जाएं और शराब का सेवन न किया जाए। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को देखते हुए मूर्ति विसर्जन समय-सीमा के अनुसार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि फेसबुक व व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत सूचना या भ्रामक संदेश पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में थाना के एएसआई समाल अहमद, तिलेश्वर रजक, एएसआई अरविंद गुप्ता, पंकज तिवारी, सुधीर पांडेय, जोड़ मुखिया के पति नरेंद्र मेहता, जैरून निशा, शंभु ठाकुर, राजमणि देवी सहित कई गणमान्य लोग व व्यवसायी उपस्थित थे।






