होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

15 साल बाद फिर गूंजेगी कोयला खदान की धमक, 284 वर्ष पुरानी राजहरा कोलियरी में शनिवार से शुरू होगा खनन कार्य

On: January 16, 2026 9:54 AM
Follow Us:

पलामू।
करीब 15 वर्षों से बंद पड़ी सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) की ऐतिहासिक राजहरा कोलियरी में एक बार फिर कोयला खनन कार्य शुरू होने जा रहा है। शनिवार से खनन कार्य का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसका उद्घाटन कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे करेंगे। इसको लेकर पलामू जिले के पड़वा प्रखंड अंतर्गत राजहरा कोलियरी क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उल्लेखनीय है कि पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम द्वारा राजहरा कोल माइंस को पुनः शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किया जा रहा था, जो अब सफल होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद वी.डी. राम ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।

सांसद ने बताया कि वर्ष 1842 ईस्वी में राजहरा कोलियरी में भूमिगत खनन कार्य की शुरुआत हुई थी। लगभग 149 वर्षों तक यहां भूमिगत खनन होता रहा, लेकिन वर्ष 1991 में इसे बंद कर दिया गया। यह देश की लगभग 284 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक कोल माइंस है, जो पिछले डेढ़ दशक से पूरी तरह बंद पड़ी थी। इसे पुनः चालू करने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।

उन्होंने बताया कि राजहरा कोलियरी क्षेत्र में लगभग 4.5 मिलियन टन ग्रेड-9 स्तर का कोयला उपलब्ध है। सामान्य परिस्थितियों में यहां से 0.30 मिलियन टन प्रतिवर्ष और अधिकतम 0.50 मिलियन टन प्रतिवर्ष तक कोयला उत्पादन की क्षमता है। पर्यावरणीय स्वीकृति फरवरी 2037 तक मान्य है, जबकि खनन संचालन के लिए सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) की वैधता मार्च 2026 तक है, जिसके नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। साथ ही नदी के किनारे सुरक्षा कार्य और सभी पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया है।

भूमि अधिग्रहण और रोजगार को लेकर जानकारी देते हुए सांसद ने बताया कि कुल 20 लोगों से 2-2 एकड़ भूमि अधिग्रहण की जा रही है। एक एकड़ भूमि देने वाले परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। अब तक दो लोगों को नौकरी दी जा चुकी है, चार आवेदन अंतिम चरण में हैं, पांच आवेदन प्रारंभिक जांच में हैं, जबकि नौ आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कोयला खनन कार्य निजी एवं सरकारी सहभागिता से किया जाएगा और सीएसआर फंड के माध्यम से क्षेत्र में कई जनकल्याणकारी कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता शिवकुमार मिश्र भी उपस्थित थे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment