
मेदिनीनगर।सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ ग्राम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 39(75) पर मंगलवार दोपहर करीब 2:50 बजे कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन हाईवे के डिवाइडर के बीच जा गिरे।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया। घायलों में एक व्यक्ति पाटन थाना क्षेत्र के मेराल गांव निवासी निर्भय मेहता बताया गया है, जबकि दूसरा घायल मझोली गांव का रहने वाला है। वहीं, कार चालक सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव का निवासी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे जिसमें से दुर्घटना के बाद दो लोग भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल सवार सिगरा की ओर से आ रहा था, जबकि कार जोड़ से सिगरा की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।सूचना मिलने पर सदर थाना के एएसआई समाल अहमद मौके पर पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा की दृष्टि से सदर थाना ले गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।






