मनातू/पलामू।
मनातू थाना पुलिस ने 32 लाख 40 हजार रूपए का डोडा बरामद किया है। डोडा को 25 अलग अलग बोरों में भरकर 216 किलो डोडा एक एसयूवी कार (यूपी32जेवी7373) से ले जाया जा रहा था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जिले के मनातू थाना गेट के पास सोमवार रात वाहन जांच के क्रम में कार को रोककर तलाशी ली गयी और डोडा बरामद किया गया। जिसमे उतर प्रदेश और गढवा के एक-एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। डोडा चतरा के प्रतापपुर से खरीदकर उतर प्रदेश के रॉबटर्सगंज ले जाया जा रहा था।
मंगलवार को पलामू पुलिस कप्तान रीष्मा रमेशन ने प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी। पुलिस कप्तान ने कहा कि डोडा तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया और मनातू में थाना के सामने सोमवार रात्रि 12.30 बजे वाहन जांच की गयी। इस क्रम में एक ग्रे रंग की महिन्द्रा एसयूबी 500 को रोका गया एवं तलाशी ली गयी तो कार से 25 बोरा डोडा बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि कार में सवार दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों में उतर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना के फराकपुर – फरीदपुर का निवासी 36 वर्षीय संजीव शर्मा और गढवा के कांडी के 44 वर्षीय निजामुद्दीन राइन शामिल है। निजामुद्दीन पहले भी तरहसी और पांकी थाना से एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है। गिरफ्तारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक के अलावा मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार, पुअनि अशोक टोपो, सअनि सतेन्द्र कुमार एवं मथुरा महतो शामिल थे।






