495 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, तस्करी में इस्तेमाल मारुति डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन जब्त
मेदिनीनगर।
पलामू पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 60 से 70 लाख रुपये मूल्य की 495 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की मारुति डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को सूचना मिली थी कि सासाराम की ओर से एक सफेद रंग की मारुति डिजायर कार में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर तस्कर डालटनगंज के रास्ते लातेहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया और सदर थाना क्षेत्र के दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास एनएच-39 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में काले रंग के प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए पांच पारदर्शी पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 495 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ पाया गया।
मौके से पुलिस ने लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय रवि रजक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।






