एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर हुई कार्रवाई, गिरफ्तार युवकों में एक का पूर्व से रहा है आपराधिक इतिहास
मेदिनीनगर। पलामू जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को चैनपुर थाना पुलिस ने बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर देसी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के सोनार मोहल्ला निवासी विशाल कुमार सोनी (25) और अभिषेक कुमार (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी लालाजी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि चैनपुर बाजार क्षेत्र में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने स्थानीय पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद चैनपुर थाना पुलिस ने बाजार क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों को पकड़ा और उनसे पूछताछ शुरू की। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक हथियार लेकर बाजार क्षेत्र में किस मकसद से घूम रहे थे। साथ ही उनके किसी आपराधिक गिरोह से संपर्क होने की भी जांच की जा रही है।






