पांकी (पलामू)।
पांकी विधानसभा क्षेत्र के नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड अंतर्गत पैतृक ग्राम कमलकेड़िया में श्री रामचरितमानस नवपारायण पाठ यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता रुद्र शुक्ला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के सदस्यों द्वारा रुद्र शुक्ला का माला पहनाकर एवं चुनरी ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर रुद्र शुक्ला ने कहा कि अपने पैतृक गांव में आयोजित इस पावन यज्ञ का शुभारंभ करने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ, जिसके लिए वे पूजा समिति और ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम से उनकी प्रार्थना है कि उनके गांव सहित पूरे पांकी विधानसभा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कहीं यज्ञ का आयोजन होता है, वहां का वातावरण स्वतः ही भक्तिमय हो जाता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। रुद्र शुक्ला ने बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित यह यज्ञ विशेष महत्व रखता है। कमलकेड़िया गांव में यह धार्मिक आयोजन हर वर्ष किया जाता है, जो क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का संदेश देता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राकेश तिवारी, आशीष भारद्वाज, मधुकर शुक्ला, अभिषेक तिवारी, अजीत तिवारी, परितोष पांडेय, पिंटू पांडेय और राजन पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं पूजा समिति के अध्यक्ष आलोक शुक्ला, रामाशीष शुक्ला, कौशल शुक्ला, दुदुन शुक्ला, रिंकू उपाध्याय और देव बबलू शुक्ला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल सफल बनाया।






