मेदिनीनगर (पलामू)।
आगामी रामनवमी महोत्सव को भव्य, आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप देने को लेकर हमीदगंज स्थित उपकार संघ की नई कमिटी का गठन कर दिया गया है। सर्वसम्मति से श्वेतांग गर्ग को संघ का अध्यक्ष चुना गया, जबकि विकास कुमार सिंह को मुख्य संरक्षक बनाया गया है। कमिटी के विस्तार के तहत विक्की कुमार को महामंत्री तथा राहुल, अभिषेक और ऋषि को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कमिटी गठन के बाद सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से रामनवमी महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।
नवगठित कमिटी के महामंत्री विक्की कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष उपकार संघ की ओर से विशेष आकर्षण के रूप में मंदिर के स्वरूप में शीशे का महल (शीश महल) तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्माण श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा। इसके साथ ही संघ की ओर से भव्य झांकी, जागरण तथा अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्थित तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर सभी सदस्य अभी से सक्रिय हैं और अलग-अलग जिम्मेदारियों का वितरण किया जा चुका है।
संघ के अध्यक्ष श्वेतांग गर्ग ने कहा कि उपकार संघ के सभी सदस्य हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे समर्पण, अनुशासन और उत्साह के साथ रामनवमी पूजा महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। संघ का प्रयास रहेगा कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य, अनुशासित और यादगार हो, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल मिल सके।
उन्होंने आगे कहा कि उपकार संघ के सदस्य लंबे समय से सामूहिक भावना के साथ इस आयोजन में भूमिका निभाते आए हैं और आगे भी इसी समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। कमिटी गठन के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भी संघ के इस प्रयास की सराहना की है। माना जा रहा है कि इस वर्ष हमीदगंज में उपकार संघ द्वारा आयोजित रामनवमी महोत्सव श्रद्धा, आस्था और आकर्षण का विशेष केंद्र बनेगा।
रामनवमी को भव्य बनाने में जुटा उपकार संघ, श्वेतांग गर्ग बने अध्यक्ष शीश महल, झांकी और जागरण होगा आकर्षण






