पलामू।
लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता स्थित घुटवा जंगल में बुधवार को झाड़ियों के बीच एक युवक का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसमें कीड़े लग चुके थे। सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेज दिया।
परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी बिरजू उरांव के 38 वर्षीय पुत्र पंकज उरांव के रूप में की। बताया जाता है कि पंकज उरांव 19 सितंबर से लापता था। परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, करीब दो दिन पहले पंकज की बाइक बरामद हुई थी। बुधवार को बाइक मिलने वाली जगह से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल में झाड़ियों के बीच उसका शव बरामद किया गया।
प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी पुलिस जांच कर रही है। आशंका है कि हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से जंगल में झाड़ियों के बीच फेंका गया होगा। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई तथा शव जंगल तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घुटवा जंगल में झाड़ियों के बीच मिला युवक का सड़ा-गला शव, 4 दिन से था लापता






