पलामू।
पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछुलिया-डगड़गवाटांड़ के जंगल से पुलिस ने 45 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया है। मृतका की पहचान नौडीहा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित सतबरवा निवासी उमेश यादव की पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है।
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि लालो देवी, उमेश यादव की पहली पत्नी थीं और पिछले कई वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थीं। पुलिस को घटनास्थल से शव के पास सल्फास का एक डिब्बा, एक बड़ा मोबाइल, चप्पल, पॉलिथीन में रखी लौकी, करेला, भिंडी, सब्जी के बीज तथा रसगुल्ला बरामद हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






