तीज की खरीदारी करने बाजार आई थी महिला, भीड़ का फायदा उठाकर वारदात
मेदिनीनगर।
तीज पर्व को लेकर रविवार को शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच सागर गली में लॉकेट छिनतई की घटना हुई। तीज की खरीदारी करने पहुंची एक महिला अपने बच्चा के साथ पहुंची थी, बच्चा के गले से एक युवक सोने की लॉकेट झपटकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और शहर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया कि महिला नावाबाजार प्रखंड क्षेत्र से तीज की खरीदारी के लिए मेदिनीनगर आई थी। सागर गली में खरीदारी के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर युवक ने बच्चा के गले से सोने की लॉकेट झपट ली। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने भाग रहे युवक को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान कुंड मोहल्ला निवासी साकीब हसन (21) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पहली बार इस तरह की छिनतई की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।
पर्व को लेकर बाजार में बढ़ी भीड़ के बीच हुई इस घटना से खरीदारी करने पहुंचे लोगों में चिंता देखी गई। स्थानीय लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।






